Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

Bihar Election: मनीष कश्यप हुए जन सुराज पार्टी में शामिल, प्रशांत किशोर बोले- ‘बिहार को बदलने वाला लड़का अब हमारे साथ’

Bihar Election: Manish Kashyap joins Jan Suraj Party, Prashant Kishore said- 'The boy who changed Bihar is now with us'

Bihar Election / Patna: सोशल मीडिया पर अपनी दमदार मौजूदगी से चर्चा में रहने वाले मनीष कश्यप ने सोमवार को प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया। राजधानी पटना स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में उन्होंने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मनीष कश्यप ने भाजपा से हाल ही में इस्तीफा दिया था, जिसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।

मनीष कश्यप ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं, कुछ बोल नहीं पा रहा हूं।”

प्रशांत किशोर का मनीष को मंच से स्वागत

प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप की तारीफ करते हुए कहा कि, “मनीष बिहार का वह लड़का है जो इसे बदलना चाहता है ताकि आने वाली पीढ़ियों को ‘बिहारी’ कहलाना अपमान न लगे। वह किसी उद्योगपति का बेटा नहीं है, बल्कि संघर्ष से अपनी पहचान बनाने वाला नौजवान है। अब वह जन सुराज की आवाज बनेगा।” किशोर ने मंच से स्पष्ट संकेत दिए कि मनीष को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी।

भाजपा पर जमकर बरसे मनीष

मनीष कश्यप ने भाजपा से नाराजगी जताते हुए कहा,

“हम 13 महीने भाजपा में रहे, लेकिन बिहार की हालत किसी से छिपी नहीं है। यहां लूट मची है। भाजपा ने हमें सिर्फ इस्तेमाल किया और जब जरूरत नहीं रही तो किनारे कर दिया। अब बिहार को बचाने के लिए जन सुराज की सरकार बनाना जरूरी है।”

2025 चुनाव को बताया निर्णायक

मनीष कश्यप ने जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को बिहार के भविष्य के लिए निर्णायक बताया। उन्होंने कहा, “2025 का चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि बिहार की तकदीर बदलने का चुनाव है। अगर प्रशांत किशोर को मौका मिला तो अगले 5 साल युवाओं, किसानों और आम जनता के लिए समर्पित होंगे।”

सोशल मीडिया पर दी थी सूचना

मनीष ने पार्टी में शामिल होने से पहले ही सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर और जन सुराज अध्यक्ष उदय सिंह के साथ तस्वीर साझा कर जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था:

“बुझी हुई आश जलाएंगे हम,
घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम,
फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।”

चनपटिया से लड़ सकते हैं चुनाव

सूत्रों के अनुसार, मनीष कश्यप को पार्टी पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बना सकती है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बेतिया और मोतिहारी से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे।

अप्रैल 2024 में भाजपा में हुए थे शामिल 

गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को भाजपा की सदस्यता ली थी। हालांकि, उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिला। इसके बाद 7 जून 2025 को फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने भाजपा छोड़ने का ऐलान किया और पार्टी के प्रति नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी नेतृत्व ने उनका इस्तेमाल किया और कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर चुप्पी साध ली।

और भी पढ़ें: Bihar वोटर लिस्ट विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई, सिब्बल-सिंघवी ने उठाए गंभीर सवाल

0
0

Leave a Comment

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर